घटतौली को लेकर दुकान पर छापामारी करते प्रशासनिक अधिकारी
मेरठ। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेरठ जिला प्रशासन ने घटतौली, अधिक मूल्य वसूली और बिना सत्यापित बाट-माप के प्रयोग के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को विधिक माप विज्ञान (बाट-माप) विभाग ने शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच व्यापारियों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ निरीक्षक विमल कुमार सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने एनएच-58, रोहटा रोड, बुढ़ाना गेट, बंसकार क्षेत्र सहित विभिन्न बाजारों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर इलेक्ट्रॉनिक एवं पारंपरिक बाट-माप उपकरणों की जांच की गई। साथ ही यह भी देखा गया कि कहीं उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत तो नहीं वसूली जा रही है तथा बिना सत्यापन (स्टाम्प) वाले बाट-माप का प्रयोग तो नहीं किया जा रहा।
निरीक्षण के दौरान विभाग को विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर घटतौली, निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूलने तथा अन्य संबंधित प्रावधानों के उल्लंघन के मामलों में पांच चालान दर्ज किए गए। अधिकारियों ने संबंधित व्यापारियों को भविष्य में नियमों का पूर्ण पालन करने की चेतावनी भी दी।
ईमानदार व्यापारियों का किया गया उत्साहवर्धन
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना और व्यापारियों में पारदर्शिता को बढ़ावा देना भी है। निरीक्षण के दौरान उन व्यापारियों का भी उत्साहवर्धन किया गया जो सही मात्रा और निर्धारित मूल्य पर उपभोक्ताओं को सामान उपलब्ध करा रहे थे।
मिठाई विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश: डिब्बे का वजन अलग करें
जिलाधिकारी के निर्देशों का हवाला देते हुए विधिक माप विज्ञान विभाग ने सभी मिठाई विक्रेताओं एवं अन्य खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे मिठाई के साथ डिब्बे का वजन जोड़कर बिल न बनाएं। ग्राहकों को जितनी मात्रा की मिठाई का मूल्य लिया जा रहा है, उतनी ही शुद्ध मात्रा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी दुकान पर डिब्बे सहित वजन लेकर ग्राहकों से मूल्य वसूला गया या घटतौली की शिकायत सही पाई गई, तो संबंधित व्यापारी के विरुद्ध विधिक माप विज्ञान अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं से सतर्क रहने की अपील
विधिक माप विज्ञान विभाग ने उपभोक्ताओं से भी खरीदारी के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। यदि किसी ग्राहक को घटतौली, अधिक मूल्य वसूली, बिना सत्यापित बाट-माप के प्रयोग अथवा किसी अन्य प्रकार की अनियमितता की शिकायत हो, तो वह राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन 1915 अथवा टोल फ्री नंबर 1800-11-4000 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।
विभाग ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार आवश्यक जांच कर अनिवार्य रूप से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रभारी विधिक माप विज्ञान, मेरठ विमल कुमार सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।