भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई के नेतृत्व में विशेष वृक्षारोपण अभियान
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष प्रधानमंत्री रहने और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मेरठ में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई के नेतृत्व में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सोमवार को मेरठ की ऐतिहासिक मॉल रोड पर 150 कार्यकर्ताओं द्वारा 150 छायादार पौधे लगाए गए।
डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने बताया कि पार्टी नेतृत्व द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत उन्होंने अपने दिल्ली स्थित आवास पर परिवार के साथ पांच फलदार पौधे लगाकर की थी। इसके बाद मेरठ में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि मॉल रोड, जिसे कभी “ठंडी सड़क” के नाम से जाना जाता था, आज पेड़ों की कमी के कारण अपनी पुरानी पहचान खोती जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र को चिन्हित कर वन विभाग से छायादार पौधे प्राप्त किए गए और उनका रोपण कराया गया।
कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग से हुआ पौधारोपण
डॉ. बाजपेयी ने बताया कि कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग से मॉल रोड क्षेत्र में मशीनों द्वारा गड्ढे तैयार कराए गए, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाए। पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित सिंचाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि बरसात आने तक पौधों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा और वह स्वयं इस अभियान की निगरानी करेंगे ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रह सकें और भविष्य में बड़े वृक्ष बन सकें।
12 जून तक चलेगा अभियान
उन्होंने बताया कि यह विशेष वृक्षारोपण अभियान 12 जून तक जारी रहेगा। इस दौरान मेरठ में “नमो वन” स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश भी की जा रही है। यदि भूमि उपलब्ध हो जाती है तो 10 जून तक 500 कार्यकर्ताओं की सहभागिता से 500 पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
डॉ. बाजपेयी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने मेरठ के नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान में शामिल होने की अपील की है।
जनता से की सहभागिता की अपील
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, पार्क, धार्मिक स्थल, विद्यालय या किसी भी उपयुक्त स्थान पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। पौधारोपण करने के बाद उसकी फोटो और जानकारी व्हाट्सएप नंबर 8979156388 पर भेजी जा सकती है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सके और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
कार्यक्रम में रहे ये लोग मौजूद
वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी, महानगर उपाध्यक्ष विवेक बाजपेयी, मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता, पार्षद संदीप रेवड़ी, कुलदीप वाल्मीकि, राजीव गुप्ता (काले), मुकेश ठाकुर, विजय लक्ष्मी, आकाश धवन, निशांत धवन, सनी चड्ढा, दीपक शर्मा, बिजेश चौधरी, दिनेश कौशिक, नितिन गोस्वामी, संजीव प्रधान, शोभित त्यागी, गौरव शर्मा, संजय सम्राट, तरुण गोयल, के.पी. सिंह, गौरव सिंह, तुषार शर्मा, भूपेंद्र प्रजापति, सन्नी शर्मा, नितिन गिरी, अश्वनी जौली, विकास मित्तल, विष्णु, शिवा वैद्य, रिजवान, नरेश गुप्ता, ओमप्रकाश चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का प्रयास
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनकी देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना और लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के अभियानों को आगे बढ़ाने के लिए यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।