मेरठ। महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा “राष्ट्रीय महिला आयोग – आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। यह जनसुनवाई 11 जून 2026 (गुरुवार) को प्रातः 10 बजे से विकास भवन सभागार, सिविल लाइन्स, मेरठ में आयोजित होगी।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की माननीय अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी। उनके साथ जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जो महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग देशभर में महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में आयोग द्वारा आयोजित की जा रही यह जनसुनवाई महिलाओं से संबंधित लंबित शिकायतों, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, पारिवारिक समस्याओं, कार्यस्थल पर उत्पीड़न तथा अन्य सामाजिक एवं कानूनी मामलों के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को जमीनी स्तर पर सुनना, संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करना है। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं को अपनी शिकायत सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मेरठ सहित आसपास के जनपदों और शहरों की महिलाओं से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या अन्य शिकायत से पीड़ित हैं, तो इस जनसुनवाई में भाग लेकर अपनी बात आयोग तक पहुंचाएं। आयोग प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनकर उसके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करेगा।
कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी अथवा किसी प्रकार की सहायता के लिए श्री मनमोहन से मोबाइल नंबर 8219854762 पर संपर्क किया जा सकता है।
महिला अधिकारों की सुरक्षा और न्याय दिलाने की दिशा में यह जनसुनवाई एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध होगा।