मेरठ...15 ऑल इंडिया विवेक पांडे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट की आयोजन समिति
मेरठ। स्थानीय आईटीआई साकेत, गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी और ऋषभ क्रिकेट एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में 15वें ऑल इंडिया विवेक पांडेय मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 15 जून से किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित क्रिकेट प्रतियोगिता में इस वर्ष विशेष आकर्षण यह रहेगा कि मुकाबले आईपीएल की तर्ज पर सफेद पोशाकों में खेले जाएंगे, जिससे टूर्नामेंट का रोमांच और आकर्षण और अधिक बढ़ जाएगा।
टूर्नामेंट के चेयरमैन विवेक पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिता में तीन आयु वर्गों के खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। इसमें 8 से 11 वर्ष आयु वर्ग (सब जूनियर), 12 से 15 वर्ष आयु वर्ग (जूनियर) तथा 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग (सीनियर) के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।
टूर्नामेंट की वाइस चेयरमैन डॉ. वसुधा ने बताया कि दिवंगत विवेक पांडेय एक होनहार क्रिकेट खिलाड़ी थे। उन्होंने प्रतिष्ठित वीनू मांकड़ क्रिकेट टूर्नामेंट में भी प्रतिभाग किया था और राइट आर्म लेग स्पिनर के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से हर वर्ष इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है।
टूर्नामेंट अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि यह प्रतियोगिता पिछले 14 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है और क्रिकेट प्रेमियों के बीच इसकी विशेष पहचान बन चुकी है। वहीं, वाइस प्रेसिडेंट कुलदीप सिंह ने कहा कि आईटीआई क्रिकेट एकेडमी, गुरु तेग बहादुर स्कूल क्रिकेट एकेडमी और ऋषभ क्रिकेट एकेडमी के सहयोग से इस आयोजन को हर वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाता है।
क्रिकेट कोच अतहर अली ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता लीग आधार पर खेली जाएगी और प्रत्येक टीम को तीन-तीन लीग मैच खेलने का अवसर मिलेगा। सब जूनियर वर्ग में ऋषभ जूनियर और जीटीबी जूनियर टीमों ने अपनी एंट्री दर्ज करा दी है। वहीं जूनियर वर्ग में जीटीबी चैलेंजर, ऋषभ ड्रेगन, मेरठ-11, स्टार स्पोर्ट्स और ऋषभ चैंपियन जैसी टीमें हिस्सा लेंगी।
टूर्नामेंट में विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी, पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागी टीमों को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भी दिए जाएंगे। प्रत्येक वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और मैन ऑफ द सीरीज पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन सचिव अतहर अली ने बताया कि जो टीमें प्रतियोगिता में भाग लेना चाहती हैं, वे सुबह 6:30 बजे से शाम तक आईटीआई क्रिकेट ग्राउंड में अरमान अंसारी, ऋषभ क्रिकेट एकेडमी में रोनित तथा गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में हिमांशु एवं आरिश से संपर्क कर सकती हैं।
इस अवसर पर कनिष्क जैन, नीरज, हिमांशु, रोहित, अंकुर, राजा, रजनी, कोमल, खुशबू, अरमान अंसारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और आयोजक उपस्थित रहे।