एनएएस डिग्री कॉलेज में आयोजित 3 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
जिलाधिकारी ने एनएएस डिग्री कॉलेज में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया
मेरठ । भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना (पीई) की तैयारियों के तहत मेरठ में 130 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनगणना अधिनियम और जनगणना नियमावली के प्रावधानों तथा उत्तर प्रदेश सरकार की अधिसूचना के तहत नियुक्त इन फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 12 से 14 अक्टूबर तक एनएएस डिग्री कॉलेज, शिवाजी रोड में आयोजित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सोमवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
स्व-गणना और घर-घर जाकर जानकारी जुटाने की प्रक्रिया समझाई
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना से जुड़ी प्रक्रिया और निर्देशों की जानकारी दी जा रही है। इसके तहत परिवारों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प मिलेगा। वे 16 से 30 नवंबर 2026 तक अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद गणना कर्मी घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी संकलित करेंगे।
पुनरीक्षण चरण में होगा आंकड़ों का सत्यापन
प्रशिक्षण में पुनरीक्षण चरण (रिविजनल राउंड) के बारे में भी बताया जा रहा है। इस चरण में पहले दर्ज किए गए आंकड़ों की दोबारा जांच और सत्यापन किया जाएगा। इससे जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।