दिनेश प्रधान [किसान नेता]
सकोती टांडा। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की ओर से 13 अक्टूबर 2026 को सहकारी गन्ना समिति सकोती टांडा पर किसानों की समस्याओं को लेकर धरना दिया गया। धरने की अध्यक्षता राजपाल सिंह नेताजी चांदसमंद ने की, जबकि संचालन संगठन के जिला अध्यक्ष दिनेश प्रधान ने किया। धरने में सैकड़ों किसान शामिल हुए।
संगठन के मंडल अध्यक्ष चौधरी रामवीर सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि गन्ना भुगतान पर ब्याज किसानों का हक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समिति सचिव ब्याज देने में विलंब करते हैं तो संगठन किसानों की ओर से उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई करेगा।
किसानों ने मांगा ब्याज और भुगतान का पूरा हिसाब
धरने पर पहुंचे शिवकुमार नंबरदार ने किसानों को अदालत से जुड़े मामले की जानकारी दी। इसके बाद किसानों ने गन्ना समिति के सभापति सरवन कुमार और सचिव को धरनास्थल पर बुलाकर बातचीत की। किसानों ने उनसे कहा कि समिति हर किसान के बकाया भुगतान और ब्याज का पूरा हिसाब उपलब्ध कराए।
जिला अध्यक्ष दिनेश प्रधान ने कहा कि किसान नेता सरदार वी.एम. सिंह के निर्देशानुसार संगठन किसानों की सेवा के लिए काम कर रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे ब्याज को अपना हक मानते हुए समिति से अपने भुगतान का हिसाब लें।
13 दिन में हिसाब देने पर सहमति
किसानों, संगठन पदाधिकारियों, समिति के सभापति और सचिव के बीच करीब तीन घंटे तक वार्ता हुई। इसके बाद सहमति बनी कि गन्ना समिति का सचिव 13 दिन के भीतर हिसाब तैयार कर किसानों को उनके भुगतान और ब्याज का विवरण उपलब्ध कराएगा। इस सहमति के बाद धरने की अध्यक्षता कर रहे राजपाल सिंह नेताजी ने प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की।
धरने में शिवकुमार नंबरदार, मदनपाल चरला, धनीराम टिटोड़ा, बिंदर टिटोड़ा, नरेश शाहपुर, कुलदीप दादरी, नीटू नगली, कुलदीप मंडोर, जोगिंदर प्रधान नगली, आंखेपुर के निरंजन प्रधान, नांगली आजड़ के अनिल कुमार, जानी के बुनियादपुर निवासी अमित, मंडोर के राजू और टिटोड़ा के राजवीर सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।