जिला एवं विधानसभा संचालन समिति की बैठक में मोहित बेनीवाल ने शिक्षक और स्नातक मतदाताओं से संपर्क तेज करने का किया आह्वान।
मेरठ, 13 अक्टूबर। आगामी स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेरठ स्थित भाजपा के पश्चिम क्षेत्रीय कार्यालय में मेरठ स्नातक-शिक्षक निर्वाचन खंड के अंतर्गत मेरठ महानगर की जिला एवं विधानसभा संचालन समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक कार्ययोजना और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी सक्रियता और समर्पण से काम करने का आह्वान किया। बेनीवाल ने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मतदाताओं के साथ निरंतर संवाद की अहम भूमिका होती है।

उन्होंने प्रत्येक विधानसभा की संचालन समिति को सक्रिय रखते हुए बूथ स्तर तक सुनियोजित कार्ययोजना के अनुसार काम करने पर जोर दिया। साथ ही, शिक्षक और स्नातक मतदाताओं से संपर्क अभियान तेज करने तथा उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को समझने के लिए नियमित संवाद स्थापित करने की बात कही।
बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को मतदाताओं तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई। जिला एवं विधानसभा संचालन समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की अपेक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा मेरठ महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी और जिला अध्यक्ष हरवीर पाल ने की। इस अवसर पर क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिला महामंत्री, जिला एवं विधानसभा संचालन समितियों के संयोजक और सह-संयोजक सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी चुनाव में पार्टी की विजय के लिए काम करने का संकल्प लिया।