बास्केटबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली टीम
मेरठ, 15 अक्टूबर 2026। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। विद्या भारती की ओर से राजस्थान के भीलवाड़ा स्थित आदर्श स्कूल में 8 से 13 अक्टूबर तक आयोजित 37वीं अखिल भारतीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 और अंडर-17 टीमों ने तीसरा स्थान हासिल किया।
देश के 11 क्षेत्रों की टीमों के बीच हुए मुकाबलों में मेरठ की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। दोनों आयु वर्गों में एक साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर टीमों ने कांस्य पदक अपने नाम किए। विद्यालय के अनुसार, यह उपलब्धि उसके खेल इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखती है।
प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों और कोच को दी बधाई
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने दोनों टीमों की खिलाड़ियों और उनकी कोच चांदनी नेगी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने कठिन परिश्रम, समर्पण और शानदार टीम भावना से यह उपलब्धि हासिल की है। उनके प्रदर्शन से विद्यालय का मान बढ़ा है और उन्हें अपनी खिलाड़ियों पर गर्व है।
विद्यालय प्रबंध समिति, आचार्य परिवार और अभिभावकों ने भी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार को इस सफलता पर शुभकामनाएं दीं।