सराफा व्यापारियों के साथ समीक्षा बैठक करते एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति
सीसीटीवी कैमरों, पुलिस गश्त, यातायात और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा; व्यापारियों से समन्वय बनाए रखने की अपील
मेरठ । आगामी त्योहारों के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ ने थाना देहली गेट क्षेत्र के सर्राफा बाजार में व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक की। बैठक में बाजार की सुरक्षा व्यवस्था और त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस व व्यापारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर चर्चा हुई।
एसएसपी ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनके क्रियाशील रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही पुलिस गश्त, यातायात नियंत्रण और वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। त्योहारों के दौरान बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए इन व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर चर्चा हुई।
एसएसपी ने पुलिस और व्यापारिक संगठनों से संवाद और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस तथा व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने में मदद मिलेगी।