कलानिधि नैथानी (डी आई जी मेरठ परिक्षेत्र)
डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र ने बुलंदशहर पुलिस की संस्तुति पर की घोषणा; 15 दिनों में 19 वांछितों पर इनाम घोषित, आठ गिरफ्तार
मेरठ #ANN मेरठ परिक्षेत्र के बुलंदशहर जिले में हत्या, बलवा और जानलेवा हमले के मामलों में वांछित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की संस्तुति पर डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने यह घोषणा की।
पुलिस के अनुसार, बुलंदशहर नगर कोतवाली में दर्ज हत्या के मामले में रामकुमार पुत्र छज्जन सिंह वांछित है। वह गिरधारी नगर, थाना कोतवाली नगर, जनपद बुलंदशहर का निवासी है।
वहीं, थाना ककोड़ में दर्ज हत्या, बलवा और जानलेवा हमले के मामले में रोहित उर्फ कारतूस और गौरव राठी उर्फ चिंटू वांछित हैं। रोहित उर्फ कारतूस, सुंदर का पुत्र है और दिल्ली के सेक्टर-23 द्वारका थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर शाहबाद का निवासी है। गौरव राठी उर्फ चिंटू, कपिल का पुत्र है और हरियाणा के गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के खंडेवाला गांव का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक, रामकुमार के खिलाफ बुलंदशहर जिले में मामले दर्ज हैं। रोहित और गौरव के खिलाफ बुलंदशहर के साथ-साथ हरियाणा के गुरुग्राम, पटौदी और सोहना क्षेत्र के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।
डीआईजी कार्यालय के अनुसार, पिछले 15 दिनों में मेरठ परिक्षेत्र के चारों जिलों से कुल 19 वांछित या फरार आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इनमें से आठ आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। डीआईजी ने अधीनस्थ अधिकारियों को फरार इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी, नए इनाम घोषित कराने और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।