मुजफ्फरनगर के दीपावली मिलन समारोह को संबोधित करते मंत्री कपिल देव अग्रवाल
मुजफ्फरनगर #ANN। मखियाली चेक पोस्ट स्थित अर्णव बैंक्वेट हॉल में 4 नवंबर को दीपावली के उपलक्ष्य में मिलन समारोह आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव ने समारोह में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए कपिल देव ने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में प्रदेश ने अव्यवस्था, भ्रष्टाचार, गुंडाराज, लूटपाट, सांप्रदायिक दंगों, आगजनी और महिलाओं के विरुद्ध अत्याचारों का दौर देखा। मंत्री ने कहा कि उस समय की कानून-व्यवस्था और भय का वातावरण जनता भूली नहीं है।
कपिल देव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था, विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उनके अनुसार, भाजपा सरकार ने अपराध और अराजकता के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में निवेश, रोजगार, आधारभूत ढांचे और औद्योगिक विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

मंत्री ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के लखनऊ में दिए गए संबोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के मजबूत जनाधार और संगठन की ताकत से विपक्षी दल बेचैन हैं। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव गृह मंत्री के बयान से डरे हुए हैं।” कपिल देव ने भाजपा सरकार की मजबूती को “अंगद के पैर” के समान बताते हुए कहा कि विपक्ष के प्रयासों के बावजूद पार्टी अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेगी।
अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर राजनीतिक कटाक्ष करते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह की रणनीति से चुनौती मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विकास और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करने के बजाय भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने की राजनीति कर रहा है। कपिल देव ने कहा कि जनता अब खोखले वादों के बजाय विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश और निराशा से आशा की ओर बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने में सभी से भागीदारी निभाने की अपील की।
समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर, मंडल अध्यक्ष अमित शास्त्री, मंडल प्रभारी विकास पंवार, कार्यक्रम संयोजक हरेंद्र पाल, सह-संयोजक विशाल खोखर, चेयरमैन शंकर सिंह भोला, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अजय सागर, महामंत्री सुशील गोयल और नरेश प्रजापति सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारी तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।