शारदा रोड स्थित नारायन भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में सैकड़ों लोगों ने किया रक्तदान
मेरठ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के 56वें जन्मदिवस को मेरठ में सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश के साथ मनाया गया। महानगर कांग्रेस कमेटी, मेरठ के नेतृत्व में आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 302 यूनिट रक्तदान कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। इसके साथ ही गंगानगर स्थित दादा-दादी वृद्ध आश्रम में स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जहां बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंजन शर्मा के नेतृत्व में यह विशाल कार्यक्रम शारदा रोड स्थित कनोहलाल महिला डिग्री कॉलेज के नारायण भवन में आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले रक्तदान शिविर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के जन्मदिवस पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। इस अवसर पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देशहित में उनके निरंतर संघर्ष की कामना की।
रक्तदान शिविर में पूरे दिन बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए पहुंचते रहे। कुल 302 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस अभियान में भागीदारी निभाई। आयोजकों ने इसे केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना का प्रतीक बताया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक और सामाजिक जीवन सत्य, संविधान, सामाजिक न्याय, भाईचारे और जनसेवा के मूल्यों पर आधारित है। उनके जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए रक्तदान करना समाज के प्रति सबसे बड़ा दायित्व है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सेवा है और यही कांग्रेस की मूल विचारधारा भी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है। आज का यह विशाल रक्तदान शिविर उसी सेवा भावना का जीवंत उदाहरण है। रक्तदान करने वाले युवाओं और नागरिकों ने यह संदेश दिया है कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यह भी संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी समाजहित, मानव सेवा, संविधान की रक्षा तथा गरीब, कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के हितों के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
इसके साथ ही गंगानगर स्थित दादा-दादी वृद्ध आश्रम में आयोजित स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर में वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि समाज के बुजुर्गों की सेवा और सम्मान भी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
रक्तदान शिविर में पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार किशनी, जिला अध्यक्ष अवनीश काजला, महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, आदित्य शर्मा, कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा, धूम सिंह गुर्जर, सलीम खान, राज केसरी, डॉ. संजीव अग्रवाल, बबीता गुर्जर, बबली देवी, अर्पित अग्रवाल, मोहिउद्दीन गुड्डू, ठाकुर तेजवीर सिंह, डॉ. कर्मेंद्र सिंह, हेमचंद ठेकेदार, मतन सिंह डेड़ा, मनिंदर सिंह वाल्मीकि, दिनेश अग्रवाल, सलीम पठान, सलीमुद्दीन शाह, प्रदीप जैन, डॉ. दिनेश मोहन शर्मा, पीयूष रस्तोगी, मास्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नसीम राजपूत, अनिल अरोड़ा, जेपी शर्मा, सुमित विकल, अनुरुद्ध त्यागी, डॉ. राजीव गौड़, केडी शर्मा, प्रवीन कुमार, विनोद सोनकर, महेंद्र शर्मा, नीरज वासने, आशुतोष अग्रवाल, सुदीप शर्मा, डॉ. अनिल शर्मा, यासर सैफी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राहुल गांधी के जन्मदिवस पर आयोजित इस सेवा अभियान ने यह संदेश दिया कि राजनीतिक आयोजनों को सामाजिक सरोकारों और जनसेवा से जोड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।