बरामद चोरी की बाइक के साथ वाहन चोर
मेरठ। मेरठ पुलिस को वाहन चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मवाना पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो पेशेवर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें से एक मोटरसाइकिल को आरोपी पार्ट्स बेचने के उद्देश्य से काट चुके थे।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को सरधना क्षेत्र के ग्राम कुलंजन निवासी जावेद ने थाना मवाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, जिसका पंजीकरण नंबर UK07AR3310 है, 14 जून को अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। इस मामले में थाना मवाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसी दिन इंचौली क्षेत्र के निवासी नवेद अख्तर ने भी थाना मवाना में तहरीर देकर बताया कि उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP15BK6383 को भी 14 जून को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर जनपद में चोरी की घटनाओं के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मवाना के पर्यवेक्षण में थाना मवाना पुलिस ने जांच को तेजी से आगे बढ़ाया। पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान शुक्रवार को मवाना पुलिस ने गंगनहर की पटरी पर स्थित सरकारी नर्सरी के पास जंगल क्षेत्र से दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपांशु पुत्र सुमित उर्फ मंजू तथा दीपांशु पुत्र अनिल, निवासी ग्राम गुढ़ा, थाना हस्तिनापुर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 18 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने जब आरोपियों से पूछताछ की तो उनकी निशानदेही पर चोरी की कुल चार मोटरसाइकिल बरामद की गईं। इनमें दो मोटरसाइकिलें वही थीं जिनकी चोरी की रिपोर्ट हाल ही में थाना मवाना में दर्ज कराई गई थी। इसके अतिरिक्त दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं, जिनके संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरामद मोटरसाइकिलों में स्प्लेंडर बाइक नंबर UK07AR3310, स्प्लेंडर बाइक नंबर UP15BK6383, पैशन प्रो बाइक नंबर UP15AS8578 तथा स्प्लेंडर बाइक नंबर UP15Y3712 शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से एक मोटरसाइकिल को आरोपी पार्ट्स बेचने के लिए काट चुके थे।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे और बाद में उन्हें बेचने या उनके पुर्जे अलग-अलग बेचने की योजना बनाते थे। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक कनेक्शन और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी जांच कर रही है।
मामले में थाना मवाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक प्रशांत मिश्र, उपनिरीक्षक रामब्रज राठौर, उपनिरीक्षक आनंद उत्तम, हेड कांस्टेबल कपिल भाटी, कांस्टेबल सुधीर कुमार तथा कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल रहे।
मवाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।