आरजीपीजी कॉलेज में आयोजित योग शिविर में शामिल लोग
मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज, मेरठ में अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ‘योग संगम-2026’ कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण एवं भव्य आयोजन किया गया। महाविद्यालय के योग विभाग एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षिकाओं, गैर-शिक्षक कर्मचारियों तथा बाहरी नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।
महाविद्यालय परिसर में प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक आयोजित योग सत्र में आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में हॉस्टल की लगभग 60 छात्राओं, महाविद्यालय की 50 छात्राओं तथा शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया।
योग विभाग की शिक्षिकाओं आचार्य दीपा त्यागी, आचार्य कीर्ति धामा एवं आचार्य अंजलि पाल ने संयुक्त रूप से योग सत्र का संचालन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को मंत्रोच्चार के साथ 12 चरणों में सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया तथा योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न आसनों और क्रियाओं की जानकारी दी। शिक्षिकाओं ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर भी प्रकाश डाला।
एनसीसी और रेंजर्स टीम ने भी किया प्रतिनिधित्व
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महाविद्यालय की एनसीसी की दोनों इकाइयों ने भी विशेष सहभागिता निभाई। प्रोफेसर अंजुला राजवंशी के नेतृत्व में छात्राएं मेरठ की एनसीसी बटालियन द्वारा आयोजित योग महोत्सव में शामिल हुईं। वहीं डॉ. सुनीता सिंह के नेतृत्व में महाविद्यालय की रेंजर्स टीम की छात्राओं ने विज्ञान भवन में आयोजित योग अभ्यास कार्यक्रम में भाग लेकर कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया।
महाविद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग कार्यक्रमों में सहभागिता कर योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं ने योग के माध्यम से स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प भी लिया।
योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर : प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर निवेदिता कुमारी (मलिक) ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शुरू की गई योग की मुहिम आज विश्वव्यापी जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।
उन्होंने कहा कि योग केवल स्वास्थ्य लाभ का माध्यम नहीं, बल्कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, सेवा भावना और सकारात्मक संस्कार विकसित करने का प्रभावी साधन है। योग युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाते हुए बेहतर करियर और सफल जीवन की दिशा भी प्रदान करता है।
छह दिवसीय योग शिविर का हुआ समापन
‘योग संगम-2026’ कार्यक्रम की संयोजिका प्रोफेसर भावना मित्तल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह के अंतर्गत महाविद्यालय में लगातार छह दिनों तक योग शिविर का आयोजन किया गया। प्राचार्या प्रोफेसर निवेदिता कुमारी के निर्देशन एवं संरक्षण में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य छात्राओं में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सेवा, संस्कार, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के मूल्यों को विकसित करना था। शिविर के दौरान छात्राओं को योगाभ्यास के साथ-साथ समाज सेवा और सकारात्मक जीवन दृष्टि का भी संदेश दिया गया।
शिक्षिकाओं ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में महाविद्यालय की विभिन्न विभागों की शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें प्रो. मंजूलता, प्रो. सोनिका चौधरी, प्रो. रजनी श्रीवास्तव, डॉ. नीलेप कौर, प्रो. अमिता शर्मा, प्रो. अपर्णा एवं डॉ. सीमा अग्रवाल सहित अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित ‘योग संगम-2026’ का यह आयोजन स्वास्थ्य, संस्कृति और सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।