संविधान दिवस पर रालोद ने बाबा साहब, चरण सिंह को नमन किया
मेरठ, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल (सामाजिक न्याय मंच) द्वारा प्रदेश अध्यक्ष संगीता दोहरे के नेतृत्व में संविधान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अमूल्य योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों, पिछड़ों एवं वंचित वर्गों के अधिकारों और उनके उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान के मूल्यों, सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और सर्वसमाज के अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल सामाजिक न्याय मंच की प्रदेश अध्यक्ष संगीता दोहरे, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी, पूर्व विधायक विनोद हरित, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष दीपक गून, सुभाष जाटव, महानगर अध्यक्ष आर्य देव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।