संविधान दिवस पर सीसीएसयू में संवैधानिक आदर्शों पर विशेष संगोष्ठी
मेरठ। ANN
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के विधि अध्ययन संस्थान में गुरुवार को 77वें संविधान दिवस के अवसर पर ‘संवैधानिक आदर्शों के माध्यम से भारत का निर्माण’ विषय पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विधि अध्ययन संस्थान, प्रो बोनो क्लब, केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय तथा मेरा युवा भारत, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में संस्थान के सेमिनार हॉल में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, पद्मश्री सम्मानित शीशराम, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. भूपेंद्र सिंह, निदेशक शोध एवं विकास प्रो. बीरपाल सिंह, मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. दिनेश कुमार, मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव, पैराएथलीट अनुभव चौधरी, विधि अध्ययन संस्थान के समन्वयक डॉ. विवेक कुमार तथा कार्यक्रम संयोजक आशीष कौशिक ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संविधान की शपथ लेते हुए उसकी प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों, समानता, न्याय, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम संयोजक आशीष कौशिक ने संगोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की सामाजिक, राजनीतिक एवं नैतिक व्यवस्था का आधार है। संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात करके ही सशक्त, समावेशी और न्यायपूर्ण भारत का निर्माण किया जा सकता है।
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने विद्यार्थियों को कर्तव्यपरायणता, अनुशासन, नैतिकता और जिम्मेदारी के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों का सम्मान करना और उन्हें अपने व्यवहार में उतारना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। जिम्मेदार नागरिक ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
विधि अध्ययन संस्थान के समन्वयक डॉ. विवेक कुमार ने कहा कि विधि शिक्षा केवल कानून की धाराओं और प्रावधानों को पढ़ने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि कानून की मूल भावना को समझकर उसे जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। उन्होंने ‘लिविंग विद लॉ’ अर्थात कानून के साथ जीने की अवधारणा पर विशेष बल दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता से भारत वर्ष 2047 के निर्धारित लक्ष्य से पहले भी विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है।
मुख्य वक्ता एवं पद्मश्री सम्मानित शीशराम ने ‘मेरा भारत, मेरा भारतीय संविधान महान’ के संदेश के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका और संविधान निर्माताओं के दूरदर्शी विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, अनुशासन, देशभक्ति, परिश्रम और सकारात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव ने संविधान दिवस एवं युवा संवाद कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सहभागिता करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मेरठ की नामित युवा आइकॉन ने भी विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
कांस्य पदक विजेता पैराएथलीट अनुभव चौधरी ने अपने जीवन के संघर्षों, चुनौतियों और खेल यात्रा के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां व्यक्ति की दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास को मजबूत करने का अवसर होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, संघर्षों से हार नहीं मानने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
संगोष्ठी में सलोनी, हर्ष आनंद, आशीष, अंशिका रानी, शिवानी, हिमांशी, सृष्टि यादव, उत्तम एवं आयुष प्रताप सहित अनेक विद्यार्थियों ने संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समानता, न्याय और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. सुदेशना ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी, लोकतांत्रिक समझ और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर प्रो. केके शर्मा, प्रो. राकेश शर्मा, प्रो. रमाकांत, प्रो. अरुण, डॉ. योगेंद्र गौतम, डॉ. विनय पंवार, डॉ. विवेक, डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. रेणु, मेरा युवा भारत के प्रोग्राम ऑफिसर नरेंद्र कुमार त्यागी, डॉ. विकास कुमार, डॉ. कुसुमावती, डॉ. धनपाल सिंह, डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. सुशील कुमार शर्मा, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. शेख अरशद सहित बड़ी संख्या में शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।