आरजीपीजी कॉलेज में औषधीय पौधों पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन
मेरठ, 26 नवंबर 2026। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग में गुरुवार को प्राचार्या प्रोफेसर निवेदिता मलिक के निर्देशन में बॉटनी एकेडमिक एंड कल्चरल सोसाइटी एवं प्लांट कंजर्वेशन सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में बॉटनी एकेडमिक एंड कल्चरल सोसाइटी (बीएसीएस) का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर ‘औषधीय पौधों का प्रवर्धन, गुणन एवं चिकित्सीय उपयोग’ विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में वनस्पति विज्ञान विभाग की पूर्व प्रभारी डॉ. मीनू गुप्ता मुख्य वक्ता एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहीं।
डॉ. मीनू गुप्ता ने छात्राओं को अकरकरा, काला बांसा, लेमनग्रास, स्टीविया और ब्राह्मी सहित विभिन्न औषधीय पौधों को गमलों एवं क्यारियों में उगाने, उनके प्रवर्धन और संरक्षण की विधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने ब्राह्मी के मस्तिष्क की कार्यक्षमता, लेमनग्रास के तनाव प्रबंधन, अकरकरा के दंत स्वास्थ्य तथा काला बांसा के खांसी संबंधी समस्याओं में पारंपरिक औषधीय उपयोगों के बारे में बताया। उन्होंने सभी को अपने घरों में औषधीय पौधे उगाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। हालांकि, औषधीय पौधों का चिकित्सीय उपयोग विशेषज्ञ की सलाह से ही किया जाना चाहिए, क्योंकि इनके भी दुष्प्रभाव हो सकते हैं।
कार्यक्रम में बताया गया कि वनस्पति विज्ञान विभाग की बॉटनी एकेडमिक एंड कल्चरल सोसाइटी छात्राओं के बहुमुखी विकास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करती है।
इस अवसर पर सोसाइटी की उपाध्यक्ष उरुशी राज़ी (एमएससी द्वितीय वर्ष), सचिव साहिबा सैफी (बीएससी तृतीय सेमेस्टर) एवं अकादमिक सचिव दानिया (बीएससी पंचम सेमेस्टर) को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर निवेदिता मलिक ने छात्राओं को धैर्य, संयम और अनुशासन के साथ निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सोसाइटी की सभी पदाधिकारियों को भविष्य में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के समापन पर संयोजिका प्रोफेसर अमिता शर्मा ने कार्यक्रम सचिव श्रीमती अनामिका एवं उनकी पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम की जानकारी महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी प्रोफेसर सुनीता सिंह एवं डॉ. पूनम लता सिंह ने दी।