गन्ना तौल में छेड़छाड़ पर चीनी मिलों पर होगी कार्रवाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा और घटतौली पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गन्ना विकास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। गन्ना तौल में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक वेब्रिज और सॉफ्टवेयर में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पाए जाने पर संबंधित चीनी मिलों के साथ हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर प्रदाता कंपनियों के विरुद्ध भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश एवं गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के निर्देशन में अपर मुख्य सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास वीना कुमारी के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को गन्ना एवं चीनी आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश की समस्त चीनी मिलों के आईटी प्रमुखों, सॉफ्टवेयर, हार्डवेयर एवं एएमसी प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
गन्ना आयुक्त ने बताया कि पेराई सत्र 2026-27 प्रारंभ हो चुका है और प्रदेश की सभी चीनी मिलें संचालित हो चुकी हैं। चीनी मिल गेट एवं बाह्य गन्ना क्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों से गन्ने की खरीद की जा रही है। घटतौली की कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के लिए परिक्षेत्रीय अधिकारियों को दिशा-निर्देशों का धरातल पर कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि गन्ना तौल में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक वेब्रिज की शुद्धता प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए। तौलन यंत्रों में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ और अवांछित कैलिब्रेशन की संभावना समाप्त करने के लिए प्रत्येक जांच के बाद कैलिब्रेशन यंत्र को सील किया जाए। वेब्रिज में केवल डेटा आउटपुट की सुविधा उपलब्ध हो तथा डेटा इनपुट की सुविधा न हो, जिससे किसानों के गन्ने का वास्तविक वजन ही प्रदर्शित हो सके।
चीनी मिलों को छेड़छाड़ रहित इलेक्ट्रॉनिक वेब्रिज का प्रयोग करने के साथ एनालॉग इंडिकेटर के स्थान पर डिजिटल लोड सेल एवं इंडिकेटर का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर में आवश्यक सुधारात्मक उपाय अपनाकर तौल प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया।
गन्ना आयुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षण अथवा औचक छापेमारी के दौरान वेब्रिज, हार्डवेयर या सॉफ्टवेयर में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ मिलने पर संबंधित चीनी मिल और उपकरण एवं सॉफ्टवेयर प्रदाता कंपनियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
चीनी मिल गेट एवं बाह्य गन्ना क्रय केंद्रों पर स्थापित तौलन यंत्रों की जांच गन्ना एवं चीनी विभाग तथा बांट-माप विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी। इसके माध्यम से तौल व्यवस्था की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में चीनी मिल गेट की तर्ज पर बाह्य गन्ना क्रय केंद्रों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने को कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए। इससे किसानों की गन्ना आपूर्ति एवं तौल संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच और त्वरित निस्तारण किया जा सकेगा। साथ ही दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गन्ना विकास विभाग ने किसानों के आर्थिक हितों की सुरक्षा, गन्ने की सही तौल और खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराने पर जोर दिया है।