वित्तीय क्रांति से ग्रामीणों का हो रहा सशक्तिकरण : दीपेश राज
लखनऊ। भारतीय स्टेट बैंक की बख्शी का तालाब (बीकेटी) शाखा द्वारा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, ग्राम अस्ती में वित्तीय समावेशन संतृप्ति कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र नागरिक तक बैंकिंग सुविधाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ वित्तीय समावेशन को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
शिविर में भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य महाप्रबंधक दीपेश राज ने कहा कि वित्तीय क्रांति से दूरदराज के गांवों के ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण एवं वंचित वर्गों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा वित्तीय समावेशन के राष्ट्रीय अभियान को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भारतीय स्टेट बैंक के प्रति ग्राहकों का विशेष विश्वास है। इस अवसर पर महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के प्रबंधक अनिल कुमार सिंह एवं वरिष्ठ समाजसेवी नागेंद्र बहादुर सिंह चौहान ने भी उपस्थित ग्रामीणों और ग्राहकों को संबोधित किया।
भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक विमल कुमार ने कहा कि वित्तीय समावेशन का उद्देश्य केवल बैंक खाते खोलना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा एवं वित्तीय सशक्तिकरण से जोड़ना है।
उप महाप्रबंधक सौरभ कुमार एवं सहायक महाप्रबंधक कुमार परिमल ने ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय साक्षरता तथा केंद्र सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इनमें प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना प्रमुख रहीं।
कार्यक्रम के दौरान बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने बीकेटी शाखा प्रबंधक विजय सिंह के कार्यों की सराहना की। शिविर को सफल बनाने में शाखा प्रबंधक विजय सिंह, उनकी टीम तथा बैंकिंग प्रतिनिधियों एवं ग्राहक सेवा केंद्रों के प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान मौसमी भोज का आयोजन किया गया।