मतदाता पुनरीक्षण अभियान में जिलाधिकारी ने किया मतदेय स्थलों का निरीक्षण
मेरठ, 28 नवंबर 2026। ANN विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत शनिवार को आयोजित विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र किठौर के उच्च प्राथमिक विद्यालय कमालपुर तथा विधानसभा क्षेत्र मेरठ के राम सहाय इंटर कॉलेज एवं शान्ता स्मारक कन्या इंटर कॉलेज सहित विभिन्न मतदेय स्थलों पर पहुंचकर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
विशेष अभियान दिवस के दौरान विभिन्न मतदेय स्थलों पर पहुंचे नागरिकों ने आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम एवं अन्य विवरणों की जांच की। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं था, उन्होंने नया मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरा। वहीं नाम, पता एवं अन्य विवरणों में त्रुटि सुधार तथा निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किए गए। अपात्र एवं मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से भी दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों के आवेदन नियमानुसार प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके साथ ही अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं मतदेय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 28 एवं 29 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार 29 नवंबर को भी प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक सभी बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के साथ नए पंजीकरण, त्रुटि संशोधन एवं अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। आवश्यकता के अनुसार निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति सहित संबंधित अधिकारी, बीएलओ, सुपरवाइजर एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।