वाहन स्वामियों को दी सख्त हिदायत
मेरठ, 28 नवंबर 2026। ANN शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने तथा आमजन को जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से मेरठ यातायात पुलिस ने हापुड़ अड्डा चौराहे एवं उसके आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश एवं पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने नो एंट्री जोन में संचालित पाए गए 55 ई-रिक्शा को सीज किया। वहीं, सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले 25 वाहन स्वामियों को चौराहे के 100 मीटर के दायरे में सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

इसके अतिरिक्त सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य चौराहे पर लगने वाले जाम की समस्या को दूर करना तथा वाहन चालकों एवं राहगीरों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करना रहा।
मेरठ यातायात पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, नो एंट्री जोन में प्रतिबंधित वाहनों का संचालन नहीं करने तथा अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने की अपील की है। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया गया।