नौकरी की बजाय रोजगार सृजन पर ध्यान दें युवा: राज्यपाल
मेरठ, 28 नवंबर 2026। ANN उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं से नौकरी पाने की प्रतिस्पर्धा तक सीमित रहने के बजाय रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। शनिवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित पश्चिमांचल स्टार्टअप एवं इनोवेशन संवाद को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा अपने नवाचार और उद्यमशीलता के माध्यम से न केवल आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकते हैं। इसके लिए विश्वविद्यालयों को अपनी पारंपरिक कार्यप्रणाली में बदलाव करते हुए विद्यार्थियों को शोध, तकनीक और उद्यमिता से जोड़ना होगा।
राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक शिक्षित युवा को सरकारी अथवा निजी क्षेत्र में नौकरी उपलब्ध कराना संभव नहीं है। ऐसे में स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। यदि एक युवा अपना उद्यम स्थापित कर सौ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है तो इससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी गति मिलेगी।
उन्होंने विश्वविद्यालयों से आह्वान किया कि विद्यार्थियों के नवाचारों को केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए उद्योगपतियों, निवेशकों और वित्तीय संस्थानों से जोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। युवाओं को अपने आसपास की समस्याओं को अवसर के रूप में देखते हुए उनके समाधान के लिए नए प्रयोग करने चाहिए। असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए पारंपरिक निर्माण शैली में बदलाव पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमित भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए पांच से दस मंजिला भवनों का निर्माण किया जा सकता है। इनमें आधुनिक प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर सेंटर, लिफ्ट एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कर शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार किया जा सकता है। विश्वविद्यालयों के विकास का आकलन केवल भवनों की संख्या से नहीं, बल्कि उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग और शैक्षणिक गुणवत्ता के आधार पर होना चाहिए।
उन्होंने आईआईटी कानपुर, खड़गपुर और मद्रास जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के साथ राज्य विश्वविद्यालयों की शोध एवं तकनीकी साझेदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। इससे संयुक्त शोध परियोजनाओं को गति मिलने के साथ विद्यार्थियों को नवाचार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने विश्वविद्यालयों की समस्याओं के समाधान और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए उद्योगपतियों एवं वरिष्ठ शोधकर्ताओं की समिति गठित करने का सुझाव भी दिया।
राज्यपाल ने केंद्रीय और राज्य विश्वविद्यालयों के बीच संसाधनों की उपलब्धता में अंतर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों को अपेक्षाकृत अधिक अनुदान और शोध परियोजनाओं के लिए बेहतर आर्थिक सहायता प्राप्त होती है, जबकि राज्य विश्वविद्यालय सीमित संसाधनों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी है। ऐसे में सक्षम शिक्षण संस्थानों, उद्योगपतियों और उद्यमियों को राज्य विश्वविद्यालयों के सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारा जा सकता है। विश्वविद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत ढांचे का उपयोग स्टार्टअप, कौशल विकास और शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया जाना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि देश के युवाओं में प्रतिभा और नवाचार की क्षमता की कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें अनुकूल वातावरण, पर्याप्त संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। विश्वविद्यालयों को इस दिशा में प्रभावी भूमिका निभानी होगी, ताकि विद्यार्थियों के विचार स्टार्टअप का स्वरूप लेकर रोजगार सृजन और देश की आर्थिक प्रगति में भागीदार बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 75 स्टॉलों पर प्रदर्शित विभिन्न स्टार्टअप एवं नवाचारों का अवलोकन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके नवाचारों, तकनीकी प्रयोगों और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
पश्चिमांचल यूपी स्टार्टअप एवं इनोवेशन संवाद में 18 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और छात्र-छात्राओं ने अपने नवाचारों के साथ प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने नवाचार आधारित विचारों एवं तकनीकी प्रयोगों के माध्यम से उद्यमिता की संभावनाओं को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच शोध, तकनीक, उद्यमिता और स्टार्टअप से जुड़े अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर भी मिला।
इस अवसर पर राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी एसएम बोबड़े, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, प्रतिभागी विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्रोफेसर, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।