प्रदर्शन कर रहे समाजवादी
मेरठ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ आपत्तिजनक, असत्य और अमर्यादित टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं।
सपा नेताओं का कहना है कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी नेता के परिवार, विशेषकर बेटियों और बच्चों को निशाना बनाना महिलाओं के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राजनीतिक बहस के बजाय परिवारों को बदनाम करने की प्रवृत्ति समाज में गलत संदेश दे रही है।
समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले लोगों की तत्काल पहचान कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के साथ-साथ उनके संरक्षकों के खिलाफ भी कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर महिलाओं और परिवारों को निशाना बनाने वाली सामग्री पर प्रभावी निगरानी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई है।
सपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर सरकार को बिना किसी पक्षपात के समान रूप से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने राज्यपाल से पूरे मामले का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कदम उठाने की अपील की है।
इस दौरान निरंजन सिंह, पंडित रजत शर्मा, हिमांशु सिद्धार्थ, किशन सिंह जाटव, नेहा गौड़, महाराज महलका, जीतू सिंह नागपाल, जीशान अहमद, संगीता राहुल, वसीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।