प्रदर्शन करते आप कार्यकर्ता
मेरठ। राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी और हेराफेरी के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकालते हुए भाजपा सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा और पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और श्रद्धालु अपनी मेहनत की कमाई श्रद्धा के साथ रामलला के चरणों में अर्पित करते हैं। ऐसे में चढ़ावे में चोरी और हेराफेरी के आरोप सामने आना करोड़ों रामभक्तों की आस्था पर सीधा हमला है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह पहले भी राम मंदिर से जुड़े कथित जमीन घोटाले और चंदा अनियमितताओं का मुद्दा उठाते रहे हैं। अब चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद भाजपा और राम मंदिर ट्रस्ट को देश के सामने जवाब देना चाहिए।
अंकुश चौधरी ने मांग की कि यदि किसी स्तर पर वित्तीय अनियमितता या गबन हुआ है तो दोषियों को राजनीतिक संरक्षण देने के बजाय तत्काल जेल भेजा जाए और पूरे मामले की न्यायिक अथवा स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया एक-एक रुपया आस्था का प्रतीक है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना ट्रस्ट की जिम्मेदारी है। आम आदमी पार्टी श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आवाज उठाती रहेगी।
इस प्रदर्शन में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और विधानसभा इकाइयों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।