पुलिस गिरफ्त में गोकशी का आरोपी
मेरठ। किठौर थाना पुलिस ने गौकशी के एक मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की महिंद्रा पिकअप और एक जीवित गाय बरामद की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर की रात ग्राम बहरोड़ा रोड पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग पिकअप में गोवंश को गौकशी के लिए ले जा रहे हैं। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर एक पिकअप को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर तेजी से आगे बढ़ गया। पुलिस ने उसका पीछा किया तो कुछ दूरी पर पिकअप यूकेलिप्टस के पेड़ से टकरा गई।

पुलिस का कहना है कि चालक वाहन से उतरकर भागने लगा, लेकिन रास्ते में पड़े पत्थर से टकराकर गिर गया और उसके दाहिने पैर में चोट आई। पूछताछ में उसने अपना नाम कुलदीप उर्फ सोनू पंडित, निवासी कासमपुर माछरा, थाना किठौर बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना किठौर में दर्ज मुकदमा संख्या 422/2026 में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था।
पिकअप की तलाशी के दौरान पीछे की ओर पैर बंधी एक जीवित लालछौं रंग की गाय मिली। वाहन पर आगे और पीछे कोई नंबर अंकित नहीं था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में पहले भी गोवंश की तस्करी कर गौकशी के लिए सप्लाई करने की बात बताई है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1)/3(5) और गौवध अधिनियम की धारा 3/5/8 के तहत दर्ज है।
कार्रवाई में किठौर थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह के साथ निरीक्षक अरविन्द कुमार, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, नीतेश कुमार, सुमित कुमार और चन्द्रशेखर तथा पुलिसकर्मी नवीन कुमार, सन्तोष कुमार और भरत कुमार शामिल रहे।