सेंट ल्यूक चर्च में श्रद्धा और प्रार्थना के साथ मनाया गया ऑल सोल्स डे
विशेष पवित्र मिस्सा के बाद कब्रिस्तान में दिवंगत आत्माओं के लिए हुई प्रार्थना; करीब 600 श्रद्धालुओं ने अपने प्रियजनों को किया याद
मेरठ । #ANN सेंट ल्यूक चर्च, साकेत में 2 नवंबर को ऑल सोल्स डे (समस्त दिवंगत आत्माओं का स्मृति दिवस) श्रद्धा, विश्वास और प्रार्थना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शाम पांच बजे विशेष पवित्र मिस्सा का आयोजन हुआ। मेरठ धर्मप्रांत के बिशप भास्कर रेसुराज ने मुख्य अनुष्ठाता के रूप में प्रार्थना सभा का संचालन किया।

कार्यक्रम में फादर मुकेश पॉल रावत, फादर जेवियर, फादर थार्सिस और फादर रॉय सहित अन्य पुरोहित उपस्थित रहे। मिस्सा के बाद चर्च परिसर स्थित कब्रिस्तान में दिवंगत आत्माओं के लिए विशेष प्रार्थना की गई और कब्रों पर आशीर्वाद दिया गया।

करीब 600 श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए। वे अपने दिवंगत परिजनों और प्रियजनों की कब्रों पर पहुंचे, श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान सैमसन, एग्नेस, जॉनसन, अल्फ्रेडा, ऑबिन, ऑस्टिन और अनायला सहित अनेक मसीही परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।

ऑल सोल्स डे पर आयोजित प्रार्थना सभा ने श्रद्धालुओं को अपने दिवंगत प्रियजनों के जीवन और स्मृतियों को याद करने का अवसर दिया। लोगों ने उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए प्रार्थना की। चर्च और कब्रिस्तान परिसर में पूरे समय श्रद्धा, प्रेम और आध्यात्मिक भावनाओं से भरा माहौल रहा।