अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते राजेश कुमार श्रीवास्तव (पुलिस अधीक्षक यातायात)
यातायात पुलिस ने 25 अन्य वाहनों पर भी की कार्रवाई, ई-रिक्शा और टेंपो के संचालन पर लगाया प्रतिबंध, मॉल रोड से होगा डायवर्जन
मेरठ। ANN
मेरठ में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस ने विशेष अतिक्रमण हटाओ एवं यातायात प्रवर्तन अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में सदर बाजार, लालकुर्ती थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।
अभियान के दौरान लालकुर्ती, बेगमपुल, जीरो माइल्स, पिंकी छोले-भटूरे एवं कुटी चौराहा क्षेत्र में सड़कों और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात बाधित करने वाले 12 दुकानदारों के विरुद्ध धारा 34 के अंतर्गत चालान किए गए।

वहीं, लालकुर्ती थाना क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहनों को सीज किया गया। तेजगढ़ी क्षेत्र में 25 अन्य वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए उन्हें पुलिस लाइन भेजा गया। पुलिस ने दुकानदारों और वाहन चालकों को अतिक्रमण नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने ई-रिक्शा और टेंपो के संचालन पर भी प्रतिबंध लगाया है। प्रतिदिन दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक जीरो माइल्स से पिंकी छोले-भटूरे की ओर तथा बीएसएनएल चौराहे से जीरो माइल्स की ओर ई-रिक्शा एवं टेंपो का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित अवधि में इन वाहनों को मॉल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा बुधवार, 25 नवंबर 2026 को दोपहर ढाई बजे से शाम चार बजे तक हापुड़ अड्डा चौराहे पर ई-रिक्शा के विरुद्ध विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मेरठ यातायात पुलिस ने दुकानदारों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि सड़कों और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखें। निर्धारित यातायात प्रतिबंधों एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में पुलिस का सहयोग करें।