दुर्गा वाहिनी (विश्व हिंदू परिषद)
हिंदू त्योहार, हिंदू से ही मेहंदी लगवाएं’ का दिया संदेश; महिलाओं को रोजगार और स्वावलंबन से जोड़ने की पहल
मेरठ। करवाचौथ के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की दुर्गा वाहिनी, मेरठ महानगर की ओर से महानगर के विभिन्न स्थानों पर मेहंदी शिविर लगाए गए। आयोजकों के अनुसार, इन शिविरों का उद्देश्य त्योहार के अवसर पर महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना रहा।
करवाचौथ की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच दुर्गा वाहिनी ने महिलाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर त्योहार मनाने का आह्वान किया। शिविरों के माध्यम से ‘हिंदू त्योहार, हिंदू से ही मेहंदी लगवाएं’ का संदेश दिया गया। दुर्गा वाहिनी की बहनों ने स्थानीय महिलाओं के हाथों पर मेहंदी लगाई।
महानगर सह-संयोजिका मीनाक्षी पांडेय ने कहा कि त्योहारों के माध्यम से समाज की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें रोजगार के अवसर देने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि परंपराएं केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए समाज में सहयोग, सद्भाव और स्वावलंबन को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हिंदू त्योहारों पर स्थानीय कारीगरों और महिलाओं को अवसर देने से उनके कौशल को पहचान मिलती है और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत होती है। मीनाक्षी पांडेय के अनुसार, इस तरह के जनजागरण और सामाजिक कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविरों में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने पहुंचकर मेहंदी लगवाई। उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना की और इसे भारतीय संस्कृति तथा परंपराओं से जुड़ने का माध्यम बताया। दुर्गा वाहिनी ने हिंदू समाज से करवाचौथ सहित अन्य शुभ अवसरों और पारिवारिक आयोजनों में स्थानीय लोगों, कारीगरों और महिलाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की।
मीनाक्षी पांडेय ने कहा कि अपने समाज के लोगों को अवसर देना, उनकी प्रतिभा का सम्मान करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहयोग करना सभी का सामाजिक दायित्व है।