एक पेड़ मां के नाम अभियान के दौरान पौधा रोपण करते पुलिस अधिकारी
मेरठ। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ मेरठ जनपद में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गुरुवार को वन महोत्सव का व्यापक आयोजन किया गया। सामाजिक वानिकी प्रभाग मेरठ के तत्वावधान में जिले के विभिन्न विद्यालयों, पौधशालाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहटा में हुआ विशेष कार्यक्रम
पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहटा में वन महोत्सव का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मेरठ के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पुत्रंजीवा का पौधा लगाया, जबकि विद्यालय के प्रधानाचार्य ने आंवला प्रजाति का पौधारोपण किया। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 120 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने पौधारोपण अभियान में भाग लिया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी रिठानी मदनपाल सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष पृथ्वी के जीवन का आधार हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इन्ग्राहम पब्लिक स्कूल में लगाए गए फलदार पौधे
साकेत स्थित इन्ग्राहम पब्लिक स्कूल में नगर निगम मेरठ के पार्षद की अध्यक्षता में वन महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 50 छात्रों और विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया। पार्षद ने नाशपाती का पौधा लगाया, जबकि विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. मधु ने अमरूद का पौधारोपण किया। इसके अलावा छात्रों एवं शिक्षकों ने भी विभिन्न फलदार पौधे लगाए।
पार्षद ने विद्यालय प्रशासन से पौधों की नियमित सिंचाई और संरक्षण सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि फलदार पौधों के बड़े होने पर छात्रों को उनके फलों का लाभ मिलेगा और शहर के बीच स्थित विद्यालय परिसर का पर्यावरण भी बेहतर होगा।
तरबियतपुर जनूबी विद्यालय में ग्रामीणों को किया जागरूक
माध्यमिक विद्यालय तरबियतपुर जनूबी में आयोजित वन महोत्सव के दौरान सिकन्दरपुर के ग्राम प्रधान ने जामुन का पौधा लगाया। क्षेत्रीय वन अधिकारी परीक्षितगढ़ ने ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को वृक्षारोपण के महत्व की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय धार में लगाए गए आंवला, नीम और कटहल के पौधे
उच्च प्राथमिक विद्यालय धार में ग्राम प्रधान संदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में आंवला, नीम और कटहल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
चेतावाली पौधशाला में ग्रामवासियों ने दिखाई भागीदारी
चेतावाली पौधशाला में आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी रूद्रप्रताप सिंह ने की। उन्होंने गुलाबी तून का पौधा लगाया, जबकि ग्रामवासियों ने गुलमोहर और पिलखन के पौधों का रोपण कर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
जनसहभागिता से सफल होगा हरित अभियान
सामाजिक वानिकी प्रभाग मेरठ की प्रभागीय निदेशक सुश्री वन्दना ने विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि वृक्षारोपण अभियान तभी सफल होगा जब इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में फलदार एवं उपयोगी पौधों का रोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण तैयार करने का संकल्प है। यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
वन महोत्सव के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया गया, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे विकसित होकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छ हवा, छाया और फल प्रदान कर सकें।