मेरठ में कांग्रेस का 'छात्रों की गूंज' अभियान तेज, सीसीएसयू से निकला विशाल छात्र आक्रोश मार्च; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक पर उठी आवाज
मेरठ। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत रविवार को मेरठ में छात्रों और युवाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विशाल छात्र आक्रोश मार्च निकाला। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) परिसर से शुरू हुए इस मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, बेरोज़गारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व अभियान के मेरठ शहर संयोजक अवनीश काजला एवं कांग्रेस महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने किया। मार्च चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होकर तेजगढ़ी चौराहे तक पहुंचा और वहां से वापस विश्वविद्यालय परिसर में जाकर समाप्त हुआ।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर जताया विरोध
मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार की कथित छात्र एवं युवा विरोधी नीतियों का विरोध किया। इस दौरान “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “पेपर लीक बंद करो”, “युवाओं को रोजगार दो” तथा “शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ” जैसे नारे लगाए गए।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना था कि लगातार हो रहे पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और बढ़ती बेरोज़गारी के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की।
अवनीश काजला ने सरकार पर साधा निशाना
आक्रोश मार्च को संबोधित करते हुए अभियान के शहर संयोजक अवनीश काजला ने कहा कि देश का छात्र और युवा वर्ग आज शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, लगातार हो रहे पेपर लीक और रोजगार के घटते अवसरों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की आवाज़ को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाना है। मेरठ में इस अभियान को लगातार व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में छात्र इससे जुड़ रहे हैं।
7 हजार छात्र-युवाओं के जुड़ने का दावा
अवनीश काजला ने दावा किया कि मेरठ जनपद में अब तक लगभग 7,000 छात्र-युवा इस अभियान से जुड़ चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 9 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के दौरान लाखों छात्र-युवा शिक्षा, रोजगार और अपने अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुट होंगे और अपनी लोकतांत्रिक आवाज़ बुलंद करेंगे।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
आक्रोश मार्च में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, छात्र नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रमुख रूप से जाहिद अंसारी, धूम सिंह गुर्जर, हेमंत प्रधान, अल्तमस त्यागी, सुमित विकल, सहरयाब मुखिया, संजय कटारिया, राज केशरी, विनोद सोनकर, रवि कुमार, रीना शर्मा, मुस्ताजब चौधरी, अज़ीम प्रधान, सरताज चौधरी, राहत चौहान, यूसुफ अंसारी, इकराम चौधरी, दिनेश उपाध्याय, राजेंद्र जाटव, शिवकुमार शर्मा, विकास शर्मा, सोनम रानी, बबली देवी, अनिल प्रेमी, नसीम राजपूत, निशांत तोमर, शहबाज़ अली, इकरामुद्दीन अंसारी, हिमांशु शर्मा, जितेंद्र भारद्वाज, प्रवीण कुमार, अवधेश सक्सेना, मुजाहिद, यासिर सैफी सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।