गृह कर ब्याज माफी योजना की तारीख को बढ़ाने की मांग करते पूर्व पार्षद दल के नेता
मेरठ #ANN समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षदों ने नगर निगम की गृहकर ब्याज माफी यानी ओटीएस योजना की समय सीमा 15 नवंबर से बढ़ाकर 25 दिसंबर तक करने की मांग की है। पूर्व पार्षद दल नेता अफजाल सैफी, संगीता राहुल, हाजी आदिल अंसारी और सुमित बौद्ध ने महापौर, नगर आयुक्त और नगर निगम बोर्ड से इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन को प्रस्ताव भेजने की अपील की है।
पूर्व पार्षदों का कहना है कि अक्टूबर और नवंबर में त्योहारों तथा अन्य कारणों से नगर निगम कार्यालय में कई दिन अवकाश रहा। ऐसे में शहर के अनेक गृहकरदाता योजना की जानकारी लेने और बकाया गृहकर जमा करने से वंचित रह सकते हैं। उनका मानना है कि समय सीमा बढ़ने से अधिक लोगों को ब्याज माफी योजना का लाभ लेने का अवसर मिलेगा और नगर निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि जो गृहस्वामी अब तक योजना का लाभ नहीं उठा सके हैं, उन्हें बकाया गृहकर जमा करने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए। इसके लिए महापौर और नगर आयुक्त से तत्काल शासन को स्थिति से अवगत कराकर योजना की अवधि 25 दिसंबर तक बढ़ाने की मांग की गई है।
पूर्व पार्षदों ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने की भी अपील की। उन्होंने सुझाव दिया कि शहर के प्रमुख स्थानों पर बैनर लगाए जाएं और चौराहों पर उपलब्ध स्लाइड या डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से योजना की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक गृहकरदाता समय रहते इसका लाभ उठा सकें।
यह मांग अफजाल सैफी, पूर्व पार्षद दल नेता, नगर निगम मेरठ; संगीता राहुल, पूर्व पार्षद एवं राष्ट्रीय सचिव, समाजवादी बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी; हाजी आदिल अंसारी, पूर्व पार्षद, कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रदेश सचिव, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा उत्तर प्रदेश; और सुमित बौद्ध, पूर्व पार्षद एवं राष्ट्रीय सचिव, समाजवादी बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी की ओर से की गई।