शशांक शर्मा
नई दिल्ली/मेरठ, 28 नवंबर। ANN। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की दस इकाइयों में तदर्थ अध्यक्षों की नियुक्ति की है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को नियुक्ति आदेश जारी किया। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी मेरठ जनपद के रोहटा ब्लॉक स्थित ग्राम रसना निवासी शशांक शर्मा को सौंपी गई है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार निम्नलिखित अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
- आंध्र प्रदेश – साके साई कुमार
- अरुणाचल प्रदेश – तानीबार जेरांग
- गोवा – कुमार अर्जुन गौली
- जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) – विकास बिश्नोई
- नागालैंड – रोनाथुंग ई. ओवुंग
- पंजाब – राजविंदर सिंह सिद्धू
- राजस्थान – उत्तम चौधरी
- तमिलनाडु – एन. विजय
- मध्य उत्तर प्रदेश – सौरभ सौजन्य यादव
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश – शशांक शर्मा
मेरठ कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने बताया कि किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले शशांक शर्मा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश एनएसयूआई का अध्यक्ष बनाए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं छात्र राजनीति से जुड़े युवाओं में खुशी की लहर है।
शशांक शर्मा वर्ष 2019 से दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति के माध्यम से संगठन में सक्रिय रहे हैं। बीते सात वर्षों में उन्होंने निरंतर मेहनत, संघर्ष, संगठनात्मक समर्पण और छात्र हितों के लिए आवाज उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति करने के बाद वर्तमान में वह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में विधि (एलएलबी) के छात्र हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
करीब दो वर्षों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर चल रही लंबी प्रतीक्षा, विभिन्न संगठनात्मक दावेदारियों और राजनीतिक समीकरणों के बीच शशांक शर्मा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस नेताओं ने उनकी नियुक्ति को वर्षों के संघर्ष, मेहनत, धैर्य और संगठन के प्रति निष्ठा का परिणाम बताया है। एक साधारण किसान परिवार से निकलकर प्रदेश अध्यक्ष पद तक पहुंचना छात्र राजनीति में सक्रिय युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।
एनएसयूआई पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रोहित राणा ने शशांक शर्मा को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दस वर्षों तक प्रदेश अध्यक्ष पद का दायित्व निभाने के बाद नवनियुक्त अध्यक्ष शशांक शर्मा को यह जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बेहद खुशी है। उन्होंने विश्वास जताया कि शशांक शर्मा के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा।
कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा के अनुसार, इस नियुक्ति में प्रियंका गांधी वाड्रा एवं उनकी टीम के योगदान और मार्गदर्शन को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ एवं राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।
शशांक शर्मा की इस उपलब्धि पर आराधना मिश्रा ‘मोना’, इमरान मसूद, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश जोन के प्रभारी संजीव आर्य ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मेरठ में शशांक शर्मा की नियुक्ति पर बधाई देने वालों में प्रशांत चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भाटी, महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, महेंद्र शर्मा, प्रदीप अरोरा, हेमंत प्रधान, अवनीश पंवार सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।