विश्वविद्यालय कैंपस में नशा मुक्ति को लेकर रैली निकाली
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में “नशा मुक्त भारत जागरूकता अभियान” के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता एवं जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की प्रेरणा एवं कुशल नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर कुलपति ने अपने संदेश में कहा कि “नशा मुक्त भारत केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। यदि देश की युवा शक्ति नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और सृजनात्मक गतिविधियों को अपनाए, तो स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।”
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना भी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
पोस्टरों के माध्यम से दिया नशामुक्त समाज का संदेश
पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए नशे के दुष्प्रभाव, परिवार और समाज पर उसके प्रभाव तथा नशामुक्त भारत की परिकल्पना को आकर्षक एवं प्रभावशाली चित्रों और संदेशों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों की कलाकृतियों ने यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की प्रगति में बाधा बनता है।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. दीपांजली, डॉ. पूर्णिमा वशिष्ठ एवं डॉ. कृतिका गोयल ने निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में किया। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, विषय की समझ और सामाजिक संदेश को प्रमुख आधार मानते हुए विजेताओं का चयन किया।
इन प्रतिभागियों ने प्राप्त किए पुरस्कार
पोस्टर प्रतियोगिता में विनीता गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रेया कुशवाहा एवं तेजस्वी शर्मा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि सिद्धांत यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई तथा भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता रैली ने दिया समाज को सकारात्मक संदेश
कार्यक्रम के अंतर्गत निकाली गई जनजागरूकता रैली में विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ विभिन्न नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को यह संदेश देना था कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ जीवन, मजबूत परिवार और सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रो. हरे कृष्ण, समन्वयक, आईक्यूएसी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विश्वविद्यालय के प्रेस प्रवक्ता श्री मितेंद्र कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि “नशा मुक्त भारत जागरूकता अभियान” के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, सामाजिक चेतना और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक मजबूत करेंगे। इससे न केवल परिसर में जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि समाज में भी नशामुक्त जीवन शैली अपनाने का व्यापक संदेश पहुंचेगा।