मुरादाबाद खादी महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ।
पहले ही दिन खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की करीब ₹2 लाख की बिक्री
मुरादाबाद ANN खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा युवा केन्द्र, साईं मंदिर रोड, दीनदयाल नगर, मुरादाबाद में आयोजित ‘मुरादाबाद खादी महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि डाॅ. शेफाली सिंह चौहान, अध्यक्ष, जिला पंचायत मुरादाबाद द्वारा किया गया।
महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही आम जनमानस में खादी एवं ग्रामोद्योग से संबंधित उत्पादों के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही प्रदर्शनी में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई तथा विभिन्न स्टालों पर उत्पादों की बिक्री भी प्रारंभ हो गई। पहले ही दिन खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्पादों की लगभग ₹2 लाख की बिक्री हुई।
उद्घाटन के उपरांत मुख्य अतिथि ने देश के विभिन्न राज्यों एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खादी एवं ग्रामोद्योगी इकाइयों के स्टालों का भ्रमण किया। उन्होंने कारीगरों एवं उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट उत्पादों का अवलोकन किया और उनके हुनर एवं उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्पाद आत्मनिर्भरता, स्वदेशी भावना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महोत्सव में देश एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के विविध उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां उत्तराखंड के ऊनी रेडीमेड परिधान, सहारनपुर के वुडन हस्तशिल्प, कन्नौज का प्रसिद्ध इत्र, मेरठ के अचार, सिल्क खादी, शुद्ध शहद, जम्मू-कश्मीर के ऊनी शॉल, सूट एवं ड्राई फ्रूट्स, राजस्थान की नमकीन, पंजाब की जूती, बिहार के भागलपुर की प्रसिद्ध खादी, जैविक गुड़ एवं शक्कर, विभिन्न प्रकार के मसाले तथा भदोही के आकर्षक कालीन सहित अनेक उत्कृष्ट उत्पाद उपलब्ध हैं।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री सत्यवीर सिंह ने महोत्सव के आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य अतिथि एवं सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस मंडल स्तरीय प्रदर्शनी को 130 स्टालों के साथ राष्ट्रीय प्रदर्शनी का स्वरूप दिया गया है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर स्वदेशी एवं उत्कृष्ट खादी तथा ग्रामोद्योगी उत्पादों की खरीदारी करने और स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल कारीगरों एवं ग्रामोद्योग इकाइयों को अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर मंच प्रदान करते हैं, बल्कि आमजन को देश के विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प एवं स्वदेशी उत्पादों से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुरादाबाद खादी महोत्सव-2026 में आमजन के लिए विभिन्न प्रकार के गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध हैं।