लखनऊ के सहारा स्टेट में भीषण आग, दमकल ने संभाला मोर्चा
नौ फायर स्टेशनों से पहुंचीं 12 से अधिक दमकल गाड़ियां, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
लखनऊ। ANN
राजधानी लखनऊ के सहारा स्टेट के मुख्य प्रवेश द्वार के दाहिने हिस्से में गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की ऊंची लपटों और धुएं का गुबार करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
आग की भयावहता को देखते हुए नौ फायर स्टेशनों से 12 से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। हालांकि, मौके पर राहत एवं बचाव कार्य अभी जारी है।

लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अंकुर मित्तल ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तत्काल दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया था।
बताया जा रहा है कि नगर निगम के अधिकारियों ने पिछले वर्ष सहारा स्टेट परिसर को सील कराया था। इसके बाद से परिसर खाली पड़ा था और वहां केवल दो सुरक्षाकर्मी रहते थे।

सीएफओ अंकुर मित्तल ने बताया कि अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग पूरी तरह बुझने के बाद परिसर की विस्तृत जांच की जाएगी, जिसके बाद अग्निकांड की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।