मेरठ। गुरुग्राम की एक युवती को कथित रूप से हिंदू नाम बताकर प्रेमजाल में फंसाने और बाद में मेरठ बुलाने का मामला सामने आया है। मामला तब सामने आया जब युवती को आरोपी की असली पहचान का पता चला, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, पूर्वा इलाही बख्श निवासी बिलाल, जो कपड़ों की फेरी लगाने का काम करता है, ने इंस्टाग्राम पर कथित रूप से हिंदू नाम से फर्जी आईडी बनाकर गुरुग्राम की युवती से दोस्ती की। इसके बाद उसने दिल्ली के एक क्लब में मिलने के दौरान शादी का झांसा दिया और धीरे-धीरे उसे अपने जाल में फंसा लिया।
बताया गया कि ईद (बकरीद) के मौके पर आरोपी ने युवती को गुरुग्राम से मेरठ बुलाया और उसे बिजली बंबा क्षेत्र स्थित एक होटल में ले गया। इसी दौरान युवती को उसकी असली पहचान के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और होटल से दोनों को बरामद कर थाने ले आई। बाद में युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
