शिक्षा को डिजिटल बनाने हेतु आरजीपीजी कॉलेज में बैठक आयोजित
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्टग्रेजुएट कॉलेज, मेरठ में शिक्षक शिक्षा को आधुनिक, डिजिटल एवं नवाचार आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देशन में 8 जुलाई 2026 को आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) एवं इनोवेशन सेल के संयुक्त तत्वावधान में “कैपेसिटी बिल्डिंग एंड एन्हांसमेंट” कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों के क्षमता विकास, डिजिटल शिक्षण और भावी शिक्षकों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. निवेदिता कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों के लिए निरंतर सीखना और स्वयं को नई तकनीकों एवं नवाचारों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण और क्षमता विकास कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि शिक्षक नवीन शिक्षण विधियों को अपनाकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा में नवाचार ही भविष्य की मजबूत नींव है और शिक्षक इसकी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
बैठक में IQAC की समन्वयक प्रो. सोनिका चौधरी, NAAC समन्वयक प्रो. गीता रानी, इनोवेशन सेल की अध्यक्ष प्रो. दीक्षा यजुर्वेदी, संयोजिका डॉ. उपासना देवी, बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपमा सिंह, डॉ. आरती शर्मा तथा शुभम त्यागी सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य आकर्षण भारती एयरटेल फाउंडेशन एवं रघुनाथ गर्ल्स पोस्टग्रेजुएट कॉलेज के बीच शिक्षक शिक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित विचार-विमर्श रहा। इस अवसर पर भारती एयरटेल फाउंडेशन की ओर से मैनेजर–पार्टनरशिप्स आलोक उपाध्याय, अकादमिक लीड (TheTeacherApp) अंशु दुआ तथा सृजन संचार के हेड शैलेन्द्र जायसवाल उपस्थित रहे।
आलोक उपाध्याय ने भारती एयरटेल फाउंडेशन की विभिन्न शैक्षिक पहलों की जानकारी देते हुए TheTeacherApp का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया और इसका लाइव डेमो भी प्रदर्शित किया। उन्होंने बताया कि यह एक निःशुल्क डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो शिक्षकों और शिक्षक-प्रशिक्षुओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण पाठ्यक्रम, पाठ योजनाएं, वीडियो सामग्री, शिक्षण-अधिगम संसाधन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित शिक्षण उपकरण उपलब्ध कराता है।
बैठक के दौरान दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाओं पर गंभीर चर्चा हुई। इस दौरान इस बात पर सहमति बनी कि बी.एड. विद्यार्थियों के लिए विशेष Learning Trajectories विकसित की जाएंगी, जिससे उन्हें चरणबद्ध, व्यवस्थित एवं व्यावहारिक शिक्षण-अधिगम अनुभव प्राप्त हो सके।
इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि भारती एयरटेल फाउंडेशन एवं रघुनाथ गर्ल्स पोस्टग्रेजुएट कॉलेज संयुक्त रूप से बी.एड. विद्यार्थियों के लिए एक संरचित क्षमता विकास कार्यक्रम प्रारंभ करेंगे। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण कौशल, डिजिटल शिक्षाशास्त्र, कक्षा प्रबंधन, 21वीं सदी के आवश्यक कौशल तथा सतत व्यावसायिक विकास से जुड़े प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे।
महाविद्यालय के प्रतिनिधियों ने इस सहयोग का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल भविष्य के शिक्षकों को नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा और बदलती वैश्विक शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं भारती एयरटेल फाउंडेशन की टीम ने शिक्षक शिक्षा संस्थानों के साथ मिलकर गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं तकनीक-सक्षम शिक्षा को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में दोनों संस्थानों ने आगामी शैक्षणिक सत्र से संयुक्त रूप से विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं एवं डिजिटल लर्निंग पहल शुरू करने पर सहमति व्यक्त की। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सहयोग न केवल बी.एड. विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास को नई दिशा देगा, बल्कि प्रदेश में शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।