खरखौदा पुलिस ने 24 घंटे में दो बाइक चोर पकड़े
मेरठ, 28 नवंबर 2026। ANN मेरठ के थाना खरखौदा पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मोटरसाइकिल चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को एनसीआर मेडिकल कॉलेज नालपुर की कैंटीन के पास से एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा कस्बा खरखौदा के मोहल्ला रास स्थित मंदिर के पास से हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। दोनों घटनाओं के संबंध में थाना खरखौदा पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेशानुसार पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी किठौर के पर्यवेक्षण में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 27 नवंबर की रात करीब 8 बजकर 26 मिनट पर पांची अंडरपास के पास से बिट्टू पुत्र पूरन सिंह निवासी ग्राम बिचपटिया, थाना खरखौदा तथा तरुण उर्फ टोनी पुत्र मंगू निवासी मोहल्ला तिहाई, कस्बा खरखौदा, जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक सुपर स्प्लेंडर, एक हीरो होंडा स्प्लेंडर तथा एक हीरो होंडा पैशन प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इनमें दो मोटरसाइकिलें खरखौदा क्षेत्र से चोरी हुई थीं, जबकि तीसरी मोटरसाइकिल के संबंध में आरोपियों ने पूछताछ के दौरान उसे जनपद हापुड़ से चोरी करने की बात बताई है। पुलिस इसकी पुष्टि करने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बिट्टू के खिलाफ चोरी एवं आयुध अधिनियम सहित कुल सात मुकदमे, जबकि तरुण उर्फ टोनी के खिलाफ चोरी सहित कुल छह मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 317(5) की वृद्धि की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अजय अवाना, उपनिरीक्षक अनुज कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक विकास रावत, उपनिरीक्षक भगत सिंह, हेड कांस्टेबल मंजीत कुमार, कांस्टेबल कुलदीप सिंह आर्य एवं कांस्टेबल हर्षवर्धन शामिल रहे।