पुलिस गिरफ्त मादक पदार्थ के तस्कर
मेरठ। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना परतापुर पुलिस और नगर स्वाट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो अंतरजनपदीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 10.923 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त एक ईको कार, मोबाइल फोन तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे स्थित आरएएफ कट के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ पुत्र रफी उर्फ कामा निवासी ग्राम भैंसरहेड़ी, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर तथा अल्तमस पुत्र शाहिद निवासी ग्राम तेवड़ा, थाना ककरौली, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों के मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 10.923 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त ईको कार संख्या UP14CD8211, एक ओप्पो मोबाइल फोन तथा तस्करी से अर्जित 50,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर थाना परतापुर में मु0अ0सं0 343/2026 के तहत धारा 8/20/27 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आसिफ के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में मुजफ्फरनगर के थाना मंडी में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं अल्तमस के विरुद्ध वर्तमान एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। मामले में आगे की जांच जारी है तथा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में थाना परतापुर और नगर स्वाट टीम के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में थानाध्यक्ष परतापुर निरीक्षक अजय शुक्ला, स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा, उपनिरीक्षक विनोद कुमार अत्री, उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक नीरज कुमार बघेल, उपनिरीक्षक आलोक कुमार सरोज तथा उपनिरीक्षक शिवम सिंह शामिल रहे।
मेरठ पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।