रविकांत ( राष्ट्रीय अध्यक्ष शोषण क्रांति दल )
मेरठ। शोषित क्रांति दल (एसकेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने मेरठ कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे निहत्थे दलित समाज के लोगों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
रविकांत ने आरोप लगाया कि कलेक्ट्रेट द्वार के बाहर न्याय की मांग को लेकर बैठे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कप्तान अविनाश पांडे की मौजूदगी में लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और न्याय की मांग करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। ऐसे में निहत्थे लोगों पर बल प्रयोग किसी भी दृष्टि से उचित नहीं कहा जा सकता।
शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। उन्होंने मांग की कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जिन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया, उनके खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
रविकांत ने बताया कि पार्टी को सूचना मिली है कि आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का मेरठ मंडल अथवा आसपास के क्षेत्र का दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में शोषित क्रांति दल का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराएगा और इस मामले में निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग करेगा।
उन्होंने कहा कि शोषित क्रांति दल दलित समाज के सम्मान, सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा तथा इस मुद्दे को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
शोषित क्रांति दल की प्रमुख मांगें:
- कलेक्ट्रेट के बाहर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
- लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
- पीड़ित प्रदर्शनकारियों को न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रभावी कदम उठाए।
- मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया जाए और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।