रोजगार मेला कार्यक्रम को संबोधित करते कैंट विधायक अमित अग्रवाल
विनायक विद्यापीठ मोदीपुरम में लगा रोजगार मेला, 50 निजी कंपनियों ने की भागीदारी; हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर
मेरठ । युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मेरठ मंडल और विनायक विद्यापीठ, मोदीपुरम के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को वृहद स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। विनायक विद्यापीठ, मोदीपुरम में आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यताओं वाले बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रतिभाग किया। मेले में निजी क्षेत्र की करीब 50 कंपनियों ने हिस्सा लेकर अभ्यर्थियों के साक्षात्कार किए।
4859 रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों को मिला अवसर
रोजगार मेले के लिए विभिन्न निजी कंपनियों की ओर से कुल 4859 रिक्तियां उपलब्ध कराई गई थीं। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार और चयन की प्रक्रिया आयोजित की गई। सेवायोजन विभाग का उद्देश्य मेले के माध्यम से करीब 3000 से 4000 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार कराकर योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा।
बीटेक, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा धारकों ने लिया हिस्सा
मेले में बीटेक, स्नातक, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बीसीए, बीबीए और एमसीए सहित विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों ने अपनी आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग पदों के लिए युवाओं का चयन किया। इससे तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के साथ-साथ सामान्य स्नातक और इंटरमीडिएट स्तर के अभ्यर्थियों को भी रोजगार के अवसर मिले।
आईसीआईसीआई बैंक समेत कई कंपनियां रहीं शामिल
रोजगार मेले में टाइम्सप्रो, आईसीआईसीआई बैंक, अन्नपूर्णा रिक्रूटमेंट रिसर्च सेंटर, फिनटेक क्लाउड, क्वेस कॉर्प, मैंगोज ऑरेंज, एचडीबी फाइनेंस, टीमलीज, मैनपावर, न्यूमैम्स, जैन क्लीनटेक, एकेएस प्लेसमेंट, आरएसवी, श्रीराम पिस्टन, द ब्लू हेवन, भारत फाइनेंस, टीवीएस इलेक्ट्रॉनिक्स, ठाकुर पब्लिकेशन, मवाना शुगर वर्क्स, देवप्रिय पेपर्स, सारलू कॉर्न और दयाल फर्टिलाइजर्स सहित विभिन्न निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया।

रोजगार संगम पोर्टल के जरिए हुआ पंजीकरण
मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण और अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप कंपनियों में ऑनलाइन आवेदन करने की व्यवस्था की गई थी। जिन अभ्यर्थियों का पहले से पोर्टल पर पंजीकरण नहीं था, उनके लिए मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे अधिक से अधिक युवा रोजगार मेले में शामिल हो सके।
चयन एवं साक्षात्कार प्रक्रिया रही निशुल्क
सेवायोजन विभाग की ओर से बताया गया कि रोजगार मेले में शामिल होने की संपूर्ण चयन एवं साक्षात्कार प्रक्रिया निशुल्क रही। अभ्यर्थियों से चयन प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया गया। मेले में युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार के अवसरों के साथ-साथ करियर, प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं संभावनाओं की जानकारी भी दी गई।
युवाओं को रोजगार की नई संभावनाओं से कराया गया परिचित
वर्तमान रोजगार परिदृश्य में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए युवाओं को रोजगार की नई संभावनाओं से परिचित कराने पर भी जोर दिया गया। सेवायोजन विभाग की ओर से युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई, ताकि वे बेहतर करियर विकल्प चुन सकें।
रोजगार संगम पोर्टल पर कैंपस प्लेसमेंट और हायरिंग की सुविधा
श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए रोजगार संगम पोर्टल विकसित किया गया है। इस एकीकृत पोर्टल के माध्यम से कैंपस प्लेसमेंट, डायरेक्ट हायरिंग, ऑनलाइन काउंसिलिंग और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। विभाग का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से युवाओं और रोजगार उपलब्ध कराने वाली कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय ने युवाओं से रोजगार संगम पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने और अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है