आवासीय विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने नमो भारत ट्रेन की शैक्षिक यात्रा का किया अनुभव
मेरठ। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) की ओर से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विहान बालिका आवासीय विद्यालय और विहान बालक आवासीय विद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए नमो भारत ट्रेन की विशेष शैक्षिक यात्रा आयोजित की गई। यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन प्रणाली से परिचित कराने के साथ-साथ ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
यह दोनों विद्यालय उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम विभाग की कल्याणकारी योजना के अंतर्गत संचालित होते हैं। योजना का संचालन उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (बीओसीडब्ल्यूडब्ल्यू) के माध्यम से किया जाता है, जिसके तहत श्रमिकों एवं मजदूरों के बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में नमो भारत की यह यात्रा विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को करीब से जानने और उसका प्रत्यक्ष अनुभव लेने का अवसर बनी।
पहली बार नमो भारत में यात्रा कर उत्साहित हुए विद्यार्थी
मेरठ के श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बेगमपुल नमो भारत स्टेशन का दौरा किया। यहां से विद्यार्थियों ने नमो भारत ट्रेन में यात्रा की और ट्रेन की विभिन्न विशेषताओं, आधुनिक तकनीक तथा इसके परिचालन से जुड़े पहलुओं की जानकारी हासिल की।

कई विद्यार्थियों के लिए विश्वस्तरीय रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम पर यात्रा करने का यह पहला अनुभव रहा। ट्रेन की तेज परिचालन गति, वातानुकूलित कोच और आधुनिक यात्री सुविधाओं को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नमो भारत के साथ मेरठ मेट्रो का भी लिया अनुभव
शैक्षिक यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को नमो भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर पर संचालित मेरठ मेट्रो में यात्रा करने का अवसर भी मिला। बच्चों ने आधुनिक मेट्रो सेवा और एक ही स्टेशन से उपलब्ध क्षेत्रीय एवं स्थानीय परिवहन की एकीकृत व्यवस्था को करीब से समझा।
मेरठ में संचालित इस आधुनिक परिवहन सेवा का प्रत्यक्ष अनुभव विद्यार्थियों के लिए विशेष रहा। यात्रा के दौरान उन्हें सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से शहरों और क्षेत्रीय क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के बारे में भी जानकारी मिली।
नमो भारत पर आयोजित हुआ विशेष क्विज
यात्रा को अधिक रोचक और संवादात्मक बनाने के लिए विद्यार्थियों के लिए नमो भारत से संबंधित विशेष क्विज का आयोजन भी किया गया। क्विज के माध्यम से बच्चों ने आधुनिक सार्वजनिक परिवहन से संबंधित अपनी जानकारी को परखा और नमो भारत प्रणाली से जुड़ी कई नई जानकारियां हासिल कीं।
इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ सीखने का अवसर भी प्रदान किया।
स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को नमो भारत प्रणाली में स्वच्छता बनाए रखने के लिए एनसीआरटीसी की ओर से किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी गई।
इस दौरान विद्यार्थियों के साथ सार्वजनिक परिवहन जैसे साझा स्थानों को स्वच्छ रखने में यात्रियों की जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार की भूमिका पर संवाद किया गया। उन्हें समझाया गया कि सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक यात्री को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
विद्यार्थियों ने स्वच्छता की शपथ लेकर सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही उन्हें स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन की आदत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नमो भारत कॉरिडोर ने पार किया 4.5 करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा
एनसीआरटीसी के अनुसार, नमो भारत कॉरिडोर ने परिचालन शुरू होने के बाद अब तक 4.5 करोड़ से अधिक कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार कर लिया है। हाल ही में कॉरिडोर पर एक दिन में 1.68 लाख से अधिक यात्रियों के साथ अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप भी दर्ज की गई।
शैक्षिक यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक परिवहन प्रणाली की तकनीक और सुविधाओं से परिचित कराने के साथ ही सार्वजनिक परिवहन के जिम्मेदार एवं स्वच्छ उपयोग का संदेश भी दिया गया।