कार्यालय में अधीनस्थों को शपथ ग्रहण कराते एसएसपी मेरठ बी बी जीटीएस मूर्ति
मेरठ, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर मेरठ पुलिस द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन सहित विभिन्न पुलिस कार्यालयों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया तथा संविधान में निहित मूल कर्तव्यों और संवैधानिक आदर्शों का पालन करने की शपथ दिलाई।
रिजर्व पुलिस लाइन मेरठ में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को संविधान में निहित मूल कर्तव्यों का पालन करने, संवैधानिक आदर्शों, राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्रगान का सम्मान करने तथा देश की सम्प्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करने की शपथ दिलाई।

वहीं, पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) विनायक गोपाल भोसले ने अपने कार्यालय में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए संवैधानिक मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति निष्ठावान रहने और मूल कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति आस्था रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (एसपी देहात) अभिजीत कुमार ने पुलिस कार्यालय में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को संवैधानिक आदर्शों एवं राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करने, मूल कर्तव्यों का पालन करने तथा देश की सम्प्रभुता और अखंडता की रक्षा करने की शपथ दिलाई।

संविधान दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस बल में संवैधानिक मूल्यों, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। पुलिसकर्मियों के लिए संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करना विशेष महत्व रखता है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। भारत सरकार ने वर्ष 2015 से प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इस वर्ष भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने के 77 वर्ष पूर्ण हुए हैं।
संविधान दिवस के अवसर पर मेरठ पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।