संविधान दिवस पर जिलाधिकारी ने दिलाई मौलिक कर्तव्यों की शपथ
मेरठ, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मेरठ के कलेक्ट्रेट कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने भारत के संविधान की प्रस्तावना का पाठन करते हुए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों का पालन करने के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन किया गया। इसमें भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता एवं प्रतिष्ठा और अवसर की समानता प्रदान करने का संकल्प दोहराया गया।
इसके साथ ही व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारत के संविधान को अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी वित्त, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, नगर मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।