शास्त्रीनगर में चोरी का खुलासा, पुलिस कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
मेरठ, 26 नवंबर 2026। मेरठ के थाना लोहियानगर क्षेत्र के शास्त्रीनगर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। चोरी के मामले में वांछित आरोपी ने बरामदगी के दौरान कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी के चार हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को शास्त्रीनगर स्थित एक मकान से अज्ञात चोरों ने कीमती सामान, नकदी और आभूषण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना लोहियानगर में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस ने 25 नवंबर को मामले में बिलाल पुत्र मसर्रत निवासी हाजी पेटी का घेर, थाना नौचंदी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश एवं पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहियानगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दूसरे वांछित आरोपी बिलाल पुत्र निसार निवासी न्यू शानदार गोल टावर के पास, थाना लिसाड़ी गेट को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी के चार हजार रुपये और अवैध तमंचा बरामद कराने की बात कही। पुलिस टीम आरोपी को लेकर बाजोट अंडरपास पहुंची, जहां उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को धक्का देकर तमंचे से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि भागने के दौरान आरोपी अंडरपास की दीवार से कूद गया, जिससे उसके दाहिने हाथ में चोट लग गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 25 वर्ष है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देने और वारदात के दौरान अवैध तमंचा रखने की बात स्वीकार की है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी बिलाल पुत्र निसार के विरुद्ध थाना नौचंदी, मेडिकल और लोहियानगर में चोरी, आयुध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में सात अन्य मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अजय शुक्ला, उपनिरीक्षक प्रशांत मिश्र, शुभम शेंगर, धर्मेंद्र कुमार, अभिषेक कैथवास, सुमित कुमार, हेड कांस्टेबल नवीन और कांस्टेबल प्रदीप शामिल रहे। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।