आफताबी बेगम (फाइल फोटो)
उमरा करने गईं आफताबी बेगम ने उपचार के दौरान ली अंतिम सांस, मीडिया जगत में शोक की लहर
मेरठ। ANN। वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट मोहम्मद कादिर की माता आफताबी बेगम (62 वर्ष) का मंगलवार को सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं मेरठ के मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
लालकुर्ती क्षेत्र के जाफर वाला बाग के समीप रहने वाली आफताबी बेगम एक नवंबर को उमरा करने के लिए सऊदी अरब गई थीं। वहां सांस लेने में परेशानी होने के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। आठ नवंबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उनका निधन हो गया।
आफताबी बेगम अपने पीछे पति मोहम्मद अनीस, चार बेटे मोहम्मद जावेद, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद कादिर, मोहम्मद शाहरुख और एक बेटी शबीना सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके पति हृदय रोग से पीड़ित हैं। परिजनों के अनुसार, आफताबी बेगम को सऊदी अरब में ही सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
माता के निधन से मोहम्मद कादिर सहित समस्त परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। निधन की सूचना मिलने पर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े अनेक पत्रकार उनके आवास पर पहुंचे। पत्रकारों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
दुःख की इस घड़ी में समस्त एएनएन मीडिया परिवार फोटो जर्नलिस्ट मोहम्मद कादिर एवं उनके परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता है। एएनएन मीडिया परिवार अल्लाह से मरहूमा को जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम अता करने और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की दुआ करता है।