दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोके जाने का आरोप लगाते हुए पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश काजला ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
मेरठ। #ANN दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर रोकने के मामले में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश काजला ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं को रैली में जाने से रोकने के लिए अनावश्यक दबाव बनाया गया और उन्हें धमकाने का प्रयास किया गया।
अवनीश काजला के अनुसार, रैली में शामिल होने के लिए उनके वाहनों को टोल मैनेजर से नियमानुसार अनुमति प्राप्त थी। उन्होंने कहा कि अनुमति से जुड़े सभी आवश्यक साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं। ऐसे में जब वाहनों को आगे जाने की अनुमति थी, तो पुलिस प्रशासन की ओर से कार्यकर्ताओं को रोकने का औचित्य समझ से परे है।
काजला ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रैली में जाने से रोकने से जुड़ी पूरी घटना के साक्ष्यों के साथ सक्षम अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनके मुताबिक, प्रशासन को कानून के दायरे में रहकर काम करना चाहिए और किसी के लोकतांत्रिक अधिकारों में बाधा नहीं डालनी चाहिए।
पूर्व जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के लिए पहले भी आवाज उठाते रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारों का हनन होने पर पार्टी कार्यकर्ता सड़क से लेकर न्यायालय तक लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से अपनी बात रखेंगे।