रालोद प्रमुख जयन्त चौधरी ने परिजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से औपचारिक भेंट की
केंद्रीय राज्य मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सपरिवार औपचारिक एवं आत्मीय मुलाकात की। इस विशेष बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा होते ही उत्तर प्रदेश और दिल्ली के राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सपरिवार मुलाकात और आत्मीय क्षण
मुलाकात के दौरान जयंत चौधरी की धर्मपत्नी चारु चौधरी तथा उनकी दोनों बेटियां, साहिरा और इलेशा सिंह भी मौजूद रहीं। जयंत चौधरी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से इस सौहार्दपूर्ण बैठक की तस्वीरें साझा कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिवार के सदस्यों से गर्मजोशी से बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना।
मुजफ्फरनगर रैली से पहले मुलाकात के राजनीतिक मायने
यह मुलाकात 20 सितंबर को मुजफ्फरनगर में होने वाली राष्ट्रीय लोकदल की विशाल जनसभा से ठीक पहले हुई है। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इस मुलाकात को एनडीए (NDA) गठबंधन के भीतर पूर्ण एकजुटता और परस्पर समन्वय के एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सियासी समीकरणों को मजबूती देने के लिहाज से यह संवाद बेहद महत्वपूर्ण है।
गठबंधन की मजबूती और भावी रणनीतियों पर संदेश
हालिया समय में विपक्षी दलों द्वारा गठबंधन को लेकर की जा रही टिका-टिप्पणियों के बीच, प्रधानमंत्री मोदी और जयंत चौधरी के बीच यह आत्मीय मुलाकात एनडीए की मजबूती को दर्शाती है। राष्ट्रीय लोकदल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस मुलाकात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व के बीच यह निरंतर संवाद देश एवं प्रदेश के विकास, किसानों के कल्याण, कौशल विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत सकारात्मक सिद्ध होगा।