बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में मनाई गई सरदार पटेल की जयंती
माल्यार्पण कर लौहपुरुष के जीवन और योगदान को किया याद; एनसीसी कैडेट्स ने ‘रन फॉर यूनिटी’ में लिया हिस्सा
मेरठ । बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डी-ब्लॉक, शास्त्री नगर में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शुभम त्यागी ने सरदार पटेल के जीवन, व्यक्तित्व, अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि देश की स्वतंत्रता के बाद रियासतों के एकीकरण और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में सरदार पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के कारण उन्हें ‘लौहपुरुष’ के नाम से जाना जाता है।

प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों से सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन अंजलि अग्रवाल ने किया।
जयंती के अवसर पर विद्यालय में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन भी किया गया। इसमें विद्यालय की एनसीसी इकाई के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चांदनी नेगी और उमेश कुमार ने कैडेट्स को एकता दौड़ के लिए रवाना किया। दौड़ के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की।