सहारनपुर में समीक्षा बैठक के दौरान पीवीवीएनएल के निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन अधिकारियों को राजस्व वसूली, सही बिलिंग और लाइन लॉस में सुधार के लिए निर्देश देते हुए।
निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक; नेगेटिव लाइन लॉस फीडरों की मैपिंग और टैगिंग की त्रुटियां आज ही ठीक करने के निर्देश
सहारनपुर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन ने शनिवार को सहारनपुर का औचक दौरा किया। उन्होंने सहारनपुर जोन के अधिकारियों के साथ बैठक कर विद्युत वितरण व्यवस्था, लाइन लॉस और राजस्व वसूली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कमियों को दूर करने और तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में नेगेटिव लाइन लॉस प्रदर्शित करने वाले फीडरों की जीआईएस (GIS) मैपिंग, उपभोक्ता मैपिंग और डेटा टैगिंग में त्रुटियों को आज ही ठीक करने पर जोर दिया गया। निदेशक ने इनपुट और आउटपुट मीटरों के आंकड़ों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने तथा सही डेटा पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए बड़े बकायेदारों से बकाया जमा कराने के विशेष प्रयास तत्काल शुरू करने को कहा गया। डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने और बकाया वसूली की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, सभी उपभोक्ताओं की शत-प्रतिशत सही बिलिंग सुनिश्चित करने और ‘विद्युत चोरी रोको अभियान’ को और गति देने को कहा गया।
संजय जैन ने स्पष्ट किया कि विभागीय कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से निर्देशों का समयबद्ध तरीके से पालन करने और विद्युत वितरण व्यवस्था, राजस्व वसूली तथा लाइन लॉस में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।